पटना/छपरा : पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने शनिवार को छपरा मंडल कारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा मंडल कारा परिसर में वृक्षारोपण किया।न्यायमूर्ति संदीप कुमार का स्वागत कारा के कंप्यूटर लैब सह दिनकर पुस्तकालय में स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने 21 बंदियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र तथा 14 बंदियों को चश्मे वितरित किए।
मंडल कारा प्रशासन की ओर से एक बंदी द्वारा बनाई गई न्यायमूर्ति संदीप कुमार की तस्वीर एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनका सम्मान किया गया। निरीक्षण के क्रम में न्यायमूर्ति ने सरस्वती वार्ड स्थित महिला खंड, कारा अस्पताल, सामान्य वार्ड तथा कारा की पाकशाला (रसोईघर) का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद वे सारण न्याय मंडल में आयोजित जिलास्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
बैठक के दौरान उन्होंने न्यायालय भवन निर्माण, सिविल कोर्ट के समीप मल्टीलेवल पार्किंग, पर्यवेक्षण गृह, नियमित जमानत मामलों में मेडिकल रिपोर्ट मिलने में हो रही देरी तथा पुलिस मामलों के निष्पादन में विलंब से उत्पन्न समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों—बुडको, बाल संरक्षण इकाई, सिविल सर्जन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक—को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए निर्देश दिया कि जिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट