नवादा : जिले के रजौली प्रखंड मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में छात्रों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बीच बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार माँझी ने विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर छात्रों, शिक्षकों तथा प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से अलग-अलग बातचीत कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से यह आवासीय विद्यालय लगातार विवादों में बना हुआ है। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय के कुछ शिक्षक एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हैं तथा मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की व्यवस्था में भी गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
छात्रों का आरोप है कि जब वे इन शिकायतों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं तो उनके साथ मारपीट और प्रताड़ित किया जाता है। निरीक्षण के दौरान आयोग के उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार माँझी ने स्पष्ट कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जिन 16 छात्रों को आवासीय विद्यालय से बाहर कर दिया गया था, उन्हें पुनः विद्यालय में बुला लिया गया है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। विद्यालय में आयोग के उपाध्यक्ष के निरीक्षण के बाद छात्रों और अभिभावकों में निष्पक्ष जांच एवं न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
भईया जी की रिपोर्ट