नवादा : जिले के कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के पाण्डेयगंगौट मड़ही में परमपूज्य संत शिरोमणि नंदबाबा कै वार्षिकोत्सव के अवसर पर प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला मड़ही पूजा 17 एवं 18 जुलाई को मनाया जाएगा।
दो दिनों तक अनवरत जारी रहने वाले पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य नारायण मोहन स्वामी ने बताया कि समिति के डा. साधु शरण सिंह, उपेन्द्र सिंह समेत सभी ग्रामीण पूजा की तैयारियों में जोर-शोर से लगे हुए हैं।
17 जुलाई को सूफी व वारसी भजन के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रार्थना और सूफी भजनों के बीच विधि-विधान के साथ नंदबाबा की समाधि को शुद्ध गंगाजल से पवित्र स्नान कराया जाएगा । इसके बाद यज्ञोपवीत (जनेऊ) चढ़ाया जाएगा। जनेऊ डालने के बाद समाधि पर धोती, कुर्ता (मिरजई), टोपी सहित सभी तरह के श्रृंगार चढ़ाने के बाद 56 प्रकार का भोग लगाकर नंदबाबा की आराधना की जायेगी। पूजा 17 जुलाई से लेकर 18 जुलाई तक अनवरत जारी रहेगा।
पाण्डेयगंगौट में होने वाली मड़ही पूजा हिन्दू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है। यह समाज को एक खास संदेश देने का काम करता है। दो दिवसीय पूजा को लेकर पाण्डेयगंगौट तथा इसके आसपास के कई गांव अतिथियों-मेहमानों से पट जाता हैं। पूजा के दरम्यान वैसे लोगों की अच्छी खासी भीड़ होती है, जो लोग अपनी मन्नतें पूरी होने के बाद नंदबाबा की समाधि पर माथा टेकने पहुंचते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट