नवादा : जिला अंतर्गत रजौली थाना क्षेत्र और झारखंड सीमा से सटे इलाकों में अवैध खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय के निर्देश पर खनन विभाग की विशेष टीम ने रजौली के चितरकोली चेकपोस्ट के पास एक सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान गिट्टी लदे तीन अत्यधिक ओवरलोडेड ट्रकों और दो बड़े हाइवा वाहनों को घेराबंदी कर जब्त किया। परिवहन नियमों के उल्लंघन को लेकर विभाग ने इन गाड़ियों पर कुल 51.61 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका है।
शाम से लेकर आधी रात तक चला सर्च ऑपरेशन
खनन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनन निरीक्षक संतोष कुमार झा के नेतृत्व में सुरक्षा बलों के साथ चेकपोस्ट पर नाकेबंदी कर दी गई थी। टीम हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच कर रही थी। इसी दौरान समय के अंतराल पर गिट्टी लदे ये पांचों वाहन आते दिखाई दिए, जिन्हें टीम ने तुरंत रोका:-
हाइवा संख्या BR01GN7914: शाम ठीक 7:10 बजे टीम ने इसे पकड़ा.
हाइवा संख्या BR27GA9321: शाम 7:40 बजे इस वाहन को रोका गया.
ट्रक संख्या JH12E9188: रात 8:15 बजे इस ट्रक को घेरा गया.
ट्रक संख्या JH12D4730: रात 8:30 बजे इस गाड़ी की जांच की गई.
ट्रक संख्या JH12F2931: रात 9:45 (21:45) बजे आखिरी ट्रक को पकड़ा गया।
धर्मकांटा पर वजन होते ही पकड़ी गई राजस्व चोरी
खनन निरीक्षक संतोष कुमार झा ने बताया कि रोके गए सभी पांचों वाहनों की जब मौके पर ही क्षमता और दस्तावेजों की जांच की गई, तो प्रथम दृष्टया ही ओवरलोडिंग दिखाई दिया। इसके बाद पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए सभी ट्रकों और हाइवा को नजदीकी धर्मकांटा पर ले जाया गया। वहां आधिकारिक वजन कराने पर तय मानकों से कई गुना अधिक गिट्टी लदे होने की पुष्टि हुई, जो न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है बल्कि सड़कों को पूरी तरह तबाह करने और राजस्व की सीधी चोरी का मामला है।
खनन विभाग की दो टूक:- अवैध गाड़ियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
बड़ी कार्रवाई के बाद खनन विभाग ने सभी पांचों गिट्टी लदे वाहनों को जब्त कर चितरकोली जांच चौकी (चेकपोस्ट) पर परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है और रजौली थाना पुलिस को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सूचना दी गई है।
खनन अधिकारियों ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि रजौली और उसके आसपास के तमाम सीमावर्ती रास्तों पर ओवरलोडिंग, अवैध खनन या बिना वैध चालान के होने वाले किसी भी परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि राजस्व की बड़े पैमाने पर होने वाली चोरी को रोकने और सरकारी सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए आने वाले दिनों में भी बिना किसी पूर्व सूचना के ऐसे औचक चेकिंग अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
भईया जी की रिपोर्ट