नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, लाभुकों को प्राप्त हो रहे लाभ, लंबित मामलों के निष्पादन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की ।
बैठक के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विधवा पेंशन योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम सहित अन्य पेंशन योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस), पोषण अभियान, मिशन शक्ति, महिला एवं बाल विकास से संबंधित कार्यक्रमों, बाल संरक्षण सेवाओं तथा विभाग द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा क्षेत्रीय स्तर पर सतत अनुश्रवण बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, जिसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं एवं चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने लाभुकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट