नवादा : जिले में सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार को लेकर एक नया मामला सामने आया है। सिरदला प्रखंड के रबियो गांव निवासी रुबी देवी ने आरोप लगाया है कि अपर समाहर्ता (एडीएम) के पेशकार बताकर किसी व्यक्ति ने उनके पक्ष में फैसला दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की।
पीड़िता का कहना है कि उक्त व्यक्ति ने स्वयं को अपर समाहर्ता का पेशकार श्यामनंदन सिंह बताते हुए उनसे संपर्क किया और मामले के निष्पादन के एवज में रुपये की मांग की। इस संबंध में पीड़िता द्वारा जिले के चर्चित आरटीआई कार्यकर्ता प्रणव कुमार चर्चिल को भी मोबाइल पर सूचना देने की बात कही गई है। मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
रुबी देवी ने बातचीत के दौरान अपने आरोपों को दोहराया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना संबंधित विभागों के साथ-साथ प्रधान सचिव एवं निगरानी विभाग को दिए जाने की बात कही जा रही है। अब यह जांच का विषय है कि आरोपों में कितनी सच्चाई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करेगा। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जिले के लोगों की निगाहें अब संभावित जांच और उसके प्रतिवेदन पर टिकी हुई हैं।
भईया जी की रिपोर्ट