-सफल व असफल प्रतिभागियों को नकद व अन्य सामग्री से किया पुरस्कृत
नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र के रजौली पूर्वी पंचायत की धुरगांव खेल मैदान में मुखिया श्री संजय यादव के नेतृत्व में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रजौली पूर्वी पंचायत के सैकड़ों बालक- बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रजौली विधायक श्री विमल राजवंशी व राजद नेत्री पिंकी भारती के द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर की गई।
सबसे पहले बालिका वर्ग की दौड़ आयोजित की गई, जिसमें झिझो गांव की प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। ममता कुमारी ने प्रथम, स्मृति कुमारी ने द्वितीय तथा विद्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की दौड़ में पचम्बा निवासी मिथुन कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। नावाडीह निवासी मनीष कुमार द्वितीय तथा झिझो निवासी सचिन कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ब्रांडेड शूज, ट्रैक पैंट एवं ₹5100 नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को ब्रांडेड शूज, ट्रैक पैंट एवं ₹3100 नकद पुरस्कार दिया गया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ब्रांडेड शूज, ट्रैक पैंट एवं ₹2100 नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार के रूप में दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों को ब्रांडेड शूज प्रदान किए गए।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान राजद नेत्री पिंकी भारती ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जो बच्चे सफल हुए हैं वे बधाई के पात्र हैं, वहीं असफल प्रतिभागी भी निराश न हों। जीवन में हार-जीत लगी रहती है और निरंतर प्रयास करने से ही सफलता मिलती है। इस अवसर पर प्रो ब्यास कुमार ,नंदकिशोर यादव, रामजी यादव, शकील सर, केदार यादव, अरविंद प्रसाद, मुफ़्ती साहब, विपिन कुमार,डॉ परमेश्वर दयाल,सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट