नवादा से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रोह थाना क्षेत्र के रहने वाले एक ग्रामीण चिकित्सक डॉ. अशोक मिस्त्री की अपहरण के बाद बेरहमी से मार डालने की खबर है। रोह के गोरहारी गांव निवासी राजेंद्र मिस्त्री के 45 वर्षीय पुत्र अशोक मिस्त्री की अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर हत्या कर दी फिर उसके शव को बधार में ले जाकर जला दिया।
मृतक अशोक मिस्त्री पेशे से झोलाछाप डॉक्टर था और पिछले करीब 10 वर्षों से कोसी गांव में ग्रामीण चिकित्सक के रूप में प्रैक्टिस कर रहा था। परिजनों के अनुसार देर रात घर लौटने के दौरान अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया कोसी गांव के बधार में उसकी निर्मम हत्या कर पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने कोसी बधार से जले हुए शव के अवशेष बरामद किया और उसे पोस्टमार्ट जांच के लिए भेजा है। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक के शव को कई हिस्सों में काटकर जलाया गया है, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस नृशंस हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने नवादा–रोह पथ को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ने पति के गायब होने को लेकर बीते दिन रोह थाना में सनाह दर्ज कराया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान किया जा रहा है। हत्या के पीछे की वजह क्या है और इतनी बेरहमी से वारदात क्यों की गई, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।