नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड में जनता दल (यूनाइटेड) संगठन को नयी ऊर्जा मिली है। सकरी नदी किनारे स्थित गोविंदपुर पंचायत भवन में आयोजित संगठनात्मक बैठक एवं नामांकन प्रक्रिया के दौरान शोभा कुमारी को एक बार फिर सर्वसम्मति से जदयू प्रखंड अध्यक्ष चुना गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस दौरान जदयू के प्रखंड निर्वाचित पदाधिकारी पंकज सिंह, पर्यवेक्षक अरुण रंजन और प्रस्तावक प्रवीण कुमार की मौजूदगी में शोभा कुमारी ने प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अंतिम समय 12:30 बजे तक अन्य किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध प्रखंड अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
घोषणा होते ही पंचायत भवन में उपस्थित सैकड़ों जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शोभा कुमारी ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें पुनः जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभायेंगी।
भईया जी की रिपोर्ट