– वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु स्केल ऑफ फाइनेंस निर्धारित
नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय तकनीकी समिति (DLTC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न फसलों हेतु स्केल ऑफ फाइनेंस (Scale of Finance) का निर्धारण करना था। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभिन्न फसलों की खेती के लिए ऋण निर्धारण पूरी तरह सटीक, व्यावहारिक एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों के अनुरूप किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऋण का अत्यधिक या अत्यल्प निर्धारण किसानों के हित में नहीं होता है, इसलिए संतुलित एवं यथार्थवादी वित्त पोषण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से उपलब्ध कराए जाने वाले ऋण की सीमा वर्तमान कृषि लागत, बदलती आर्थिक परिस्थितियों एवं स्थानीय खेती की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्धारित की जाए, ताकि किसानों को समय पर एवं पर्याप्त वित्तीय सहायता मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ऋण की उपलब्धता बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक है कि बैंकिंग प्रणाली एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसानों को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला अग्रणी प्रबंधक (LDM), जिला विकास प्रबंधक (NABARD), प्रबंध निदेशक, द नवादा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड तथा विभिन्न बैंकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट