नवादा : बिहार एसटीएफ और नवादा पुलिस ने रजौली में पीएलएफआई नक्सली अजीत कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक प्रतिबंधित AK-47, दो .315 बोर राइफलें, भारी मात्रा में कारतूस और सेना की वर्दी बरामद हुई है।गिरफ्तारी से नक्सली नेटवर्क की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।गिरफ्तारी रजौली थाना क्षेत्र के डेलवा गांव से की गई। पुलिस के अनुसार अजीत काफी समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल था और इलाके में संगठन के लिए काम कर रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और उसे पकड़ लिया।
क्या -क्या हुआ बरामद
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर तलाशी ली। इसमें कई खतरनाक हथियार बरामद हुए। पुलिस ने एक AK-47 राइफल और उसके 21 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा दो मैगजीन भी मिली हैं। टीम को दो .315 बोर की राइफलें और उनके 10 कारतूस भी मिले हैं। तीन एम्युनिशन पाउच यानी गोलियां रखने वाले बैग भी जब्त किए गए। इसके साथ ही तीन सेट कामोफ्लाज वर्दी भी बरामद हुई है, जो सेना की वर्दी जैसी दिखती है। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और वर्दी मिलने से पुलिस को शक है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे थे।
अजीत कुमार का इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने इस मामले में रजौली थाने में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। एसटीएफ अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अजीत कुमार यादव का पहले से क्या आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह किन-किन नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके पास AK-47 जैसे प्रतिबंधित हथियार कहां से आए और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस ने कहा कि इस गिरफ्तारी से इलाके में एक्टिव नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
भईया जी की रिपोर्ट