-आशू के पेट, कमर, पैर और शरीर में गहरे घाव
नवादा : नगर में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। शनिवार देर शाम नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ला में दुर्गेश सिंह के 20 वर्षीय पुत्र आशू कुमार को आधा दर्जन से अधिक बार चाकू मारा गया। गंभीर रूप से घायल आशू का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि आशु घर से मैगी लेने निकला था। रास्ते में बदमाश ने रोका और ताबड़तोड़ चाकू से शरीर के विभिन्न स्थानो पर छह बार प्रहार कर भाग खड़ा हुआ। ज़ख्मी हालत में स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है।
सूचना के आलोक में पहुंचे नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानलेवा हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से आसपास के लोग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट