पटना : सीएम नीतीश के ड्रीम प्रोजेक्ट नमामि गंगे को लेकर पटना में जगह-जगह पर गड्ढे खोदे गए है। इससे आम लोगों को पैदल चलने के साथ ही खास लोगों के चलने में भी काफी परेशानी हो रही है। अब खबर है इस गड्ढे में एक बच्चा गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना राजीव नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। बच्चा ई-रिक्शा में सवार था। स्थानीय लोगों की मदद से सही समय पर उसे बचा लिया गया। इसके बाद अब बुडको द्वारा कंपनी पर साढ़े पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। खबर यह भी है कि कंपनी को भी ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पटना में नमामि गंगे प्रोजेक्ट को लेकर अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने के लिए गड्ढा खोदा गया था। इसी कारण से राजीव नगर के रोड नंबर 23 पर पाइप बिछाने के लिए कई महीनों से गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी दौरान ई-रिक्शा में सवार बच्चा गड्ढे में गिर गया। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से सही समय पर बच्चे को बचा लिया गया। इसके बाद इसकी जानकारी बुडको के अधिकारी अनिमेष कुमार पाराशर को दी गई उसके बाद उन्होंने कंपनी पर साढ़े पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लगा कर कंपनी को भी ब्लैकलिस्ट करने की बात कही।
वहीँ, स्थानीय लोगों का कहना है कि कई महीनों से गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था, लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतें हो रही थीं। सड़कों की खुदाई के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम और आवाजाही में मुश्किलें हो रही हैं, 100 मीटर की दूरी तय करने में आधा घंटा तक का समय लग रहा है। वहीँ, आगे यह भी बताया गया कि स्थानीय लोगों द्वारा ठेकेदारों से बार-बार आग्रह करने के बावजूद भी काम में कोई तेजी नहीं आई। अब यह हादसा हो गया। यह भी बात सही है कि जब तक यहां कोई घटना नहीं हो जाएगी तब अधिकारियों की नजर नहीं पड़ती है।