बिहार के नालंदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो होनहार छात्रों की जान ले ली। चंडी थाना क्षेत्र के सालेहपुर मोड़ और गौढ़ापर के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्र आशीष कुमार और राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चंडी की ओर से अत्यधिक तेज गति में आ रही थी। गौढ़ापर के समीप चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क से उतरकर सीधे गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। गाडी में कूल पांच लोग सवार थे। जिसमें आशीष कुमार और राहुल कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, धीरज कश्यप, उत्सव सिंह और शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कड़ी मशक्कत के बाद छात्रों को कार से बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत चंडी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने आशीष और राहुल को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका सघन उपचार जारी है।
घटना के सम्बन्ध में थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन की अत्यधिक रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना था। वहीँ, उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।