नालंदा : बिहार थाना क्षेत्र के पतुआना गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपनी छह वर्षीय मासूम बेटी के साथ जहर खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान पतुआना निवासी पिंटू कुमार की 27 वर्षीय पत्नी मालो देवी और उनकी पुत्री प्रिया के रूप में हुई है। इस दोहरे मौत की खबर से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। परिजनों के अनुसार, इस आत्मघाती कदम के पीछे गहरे पारिवारिक विवाद और पति की बेवफाई की कहानी सामने आ रही है।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि दामाद पिंटू कुमार का अपनी ही छोटी साली के साथ प्रेम संबंध था, जिससे उसने शादी कर ली थी। इस दूसरी शादी के बाद से ही मालो देवी मानसिक रूप से टूट चुकी थी और घर में लगातार कलह रहने लगी थी। पूर्व में मालो ने पति के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था, जिसके कारण पिंटू को जेल जाना पड़ा था। जेल से आने के बाद विवाद और बढ़ गया था।
जहर खाने के बाद दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जहाँ एक ओर इसे आत्महत्या माना जा रहा है, वहीं मृतका के मायके वालों ने इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है। मृतिका के पिता का कहना है कि “मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसे और उसकी बच्ची को ससुराल वालों ने साजिश के तहत मारा है।”
घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मायके वालों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की सघन जांच की जा रही है।