मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी होटल से बीती देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। होटल के एक कमरे में पिता और उसके छह वर्षीय मासूम बेटे के शव फंदे से लटके मिले। घटना की जैसे ही जानकारी हुई, इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचीं और होटल संचालक सहित कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने कमरे की घेराबंदी कर साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया और जांच में जुट गई।
मृतकों की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड से हुई जिसके अनुसार मृतक 35 वर्षीय शुभंकर साहू और उसका 6 वर्षीय पुत्र देवांशू साहू बताया गया। दोनों पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शुभंकर साहू पिछले पांच दिनों से अपने बेटे के साथ उसी होटल में ठहरे हुए थे और होटल के ऊपरी तल के एक कमरे में रह रहे थे। होटल स्टाफ के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम सफाई के लिए जब कर्मचारी कमरे के पास पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बताया गया कि दिन भर उनका कमरा नहीं खुला तो देर शाम में गेस्ट हाउस कर्मियों ने मैनेजर को सूचना दी। मैनेजर पंकज गोस्वामी ने दरवाजे के होल से कमरे के अंदर झांका तो रस्सी के फंदे से लटक रहा व्यवसायी और उसके पुत्र का शव दिखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा खुलवाने के बाद कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। पिता और पुत्र दोनों के शव फंदे से लटके हुए पाए गए। डीएसपी टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि बैरिया बस स्टैंड के पास स्थित होटल के एक कमरे से पिता और उसके पुत्र के शव फंदे से लटके हुए बरामद किए गए हैं। होटल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास जारी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।