मुजफ्फरपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर की बीच सड़क बुलेट से जाते समय गोली मारकर हत्या कर देने की खबर है। प्रॉपर्टी डीलर राज किशोर चौधरी उर्फ टुनटुन चौधरी की इस तरह की गई हत्या के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वारदात के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। हत्या का कारण अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन बताया जाता है कि तीन साल पहले भी बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर पर गोलीबारी की थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे।
गोली लगते ही जमीन पर गिरे प्रॉपर्टी डीलर
मिली जानकारी के अनुसार यह दिल दहला देने वाली घटना सदर थाना क्षेत्र के रेवा रोड स्थित फर्दो पुल के पास हुई। बताया जा रहा है कि राज किशोर चौधरी अपनी बुलेट से यादव नगर की ओर जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। गोली लगते ही राज किशोर जमीन पर गिर गए। जब तक लोग उन्हें अस्पताल ले जाते तब तक उनकी मौत हो गई। राजकिशोर चौधरी जगन्नाथ पताही के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात लगभग 11:00 बजे वे यादव नगर द्वारा से पान खाकर बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
राजकिशोर चौधरी एक प्रॉपर्टी डीलर थे। उन्हें टुनटुन चौधरी के नाम से भी जाना जाता था। पहले भी बदमाशों ने राजकिशोर चौधरी को गोली मारी थी। लेकिन तब वे बच गए थे। इस बार बदमाशों ने उन्हें मार डाला। बताया जा रहा कि पुलिस को घटना स्थल से सड़क के एक तरफ गिरी राजकिशोर चौधरी की बुलेट बाइक बरामद हुई है। मामले में फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।