बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने एक बंद गोदाम से 2 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की विदेशी सिगरेट जब्त की है। यह जब्ती ITC की सूचना छापेमारी के दौरान की गई। पुलिस ने बताया कि मुजफ्फरपुर नगर थाना के शुक्ला रोड स्थित शीतला गली के एक बंद गोदाम में इंडियन टोबैके कंपनी ITC ने अवैध विदेशी सिगरेट कारोबार की सूचना दी थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीती देर शाम गोदाम पर छापा मारा जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से करोड़ों के विदेशी और नकली सिगरेट बरामद हुए। छापेमारी की भनक लगते ही गोदाम संचालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने नकली और विदेशी सिगरेट की बड़ी खेप को जब्त करने के बाद इसके संचालक तथा उसके सहयोगियों की तलाश में छापेमारी अभियान शुरू किया है।
ITC की सूचना पर कार्रवाई, 25-30 कार्टन जब्त
मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी की यह कार्रवाई बीते दिन मुंबई स्थित आईटीसी कंपनी की सूचना पर हुई। उक्त कंपनी के अधिकारी खुद मुजफ्फरपुर आकर पुलिस से मिले। उनकी सूचना के आलोक में पुलिस टीम कंपनी के कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। गोदाम बंद था और बाहर ताला लगा हुआ था। इस पर मुसहरी अंचलाधिकारी (सीओ) को मजिस्ट्रेट के तौर पर बुलाया गया। सीओ की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़ा गया। दो मंजिला मकान के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर करीब 25 से 30 बड़े कार्टन में सिगरेट रखी हुई मिली। जांच में पता चला कि ये सिगरेट इंडोनेशिया, कोरिया और म्यांमार से तस्करी कर लाई गई थी। कई पैकेट्स पर विदेशी ब्रांड के नाम थे, जबकि कुछ में नकली इंडियन ब्रांड की पैकिंग भी मिली।
दो दर्जन से ज्यादा फ्लेवर में सिगरेट बरामद
वहीं गोदाम से हुक्का और सिगार में इस्तेमाल होने वाला महंगा तंबाकू भी मिला जो कि भारत में प्रतिबंधित है। बरामद सिगरेट में चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी, रेड वाइन, ग्रीन एप्पल, बबल मिंट, चेरी, कॉकटेल, ट्रॉपिकल फ्रूट और इंडियन पान जैसे 24 से अधिक फ्लेवर पाए गए। बाजार में इनकी कीमत 7 रुपये से 200 रुपये प्रति पीस तक बताई जा रही है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और गोदाम संचालक की तलाश में जुटी हुई है।