बिहार में एक के बाद एक ताबड़तोड़ हत्याओं से नीतीश सरकार के होश उड़े हुए हैं। पहले पटना में गोपाल खेमका और अब मुजफ्फरपुर में इंजीनियर की उसके घर में घुसकर हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हत्या की ताजी घटना में मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक इंजीनियर के घर में घुसकर पत्नी और बच्चों के सामने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आज सुबह 4 बजे के आसपास अंजाम दिया गया। इस खौफनाक मर्डर के बाद एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है। परिवार के लोग लूट के दौरान अपराधियों के द्वारा चाकू मारकर हत्या की बात बता रहे है। सिटी एसपी ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
हत्या से पहले लुटेरों से हाथापाई
यह घटना मुजफ्फरपुर शहर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामराजी रोड मुहल्ले में हुई। आशंका है कि चोरी और लूट की मंशा से अपराधियों ने मृतक के फर्स्ट फ्लोर स्थित घर की बालकनी से अंदर प्रवेश किया। इसी दौरान इंजीनियर जाग गए और उन्होंने लूट का विरोध किया। लुटेरों से उनकी जमकर हाथपाई भी हुई। हाथापाई के बीच बदमाशों ने उनके शरीर पर कई बार चाकू से हमले किए। वारदात के बाद अपराधियों ने घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी तोड़ दिया।
घर में अकेले सो रहे थे मुमताज
मृतक की पहचान मुमताज आलम के रूप में हुई है। वह वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड में बतौर जूनियर इंजीनियर कार्यरत थे। मृतक अपने घर में पत्नी और तीन बच्चों के साथ रह रहे थे। घटना के समय मृतक अपने एक कमरे में अकेले सोए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और तीन बच्चे अलग कमरे में सोए थे। इस पूरे मामले को लेकर सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि घटना लगभग तीन बजे के आस-पास हुई। प्रारंभिक जांच में मामला घर में घुसकर लूटपाट का प्रतीत हो रहा है। घर का कुछ सामान भी गायब है। हत्या किस कारण से हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।