मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार की व्यावसायिक राजधानी कहे जाने वाले मुजफ्फरपुर में बेख़ौफ़ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया तंत्र को चुनौती देते हुए सरेआम कत्लेआम मचाया है। सोमवार को अहियापुर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम बाजार समिति रोड पर पहले से घात लगाए बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने गिट्टी-बालू कारोबारी प्रभाकर सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गायघाट थाना क्षेत्र के बेरुआ गांव निवासी प्रभाकर सिंह अपने व्यवसायिक काम से जा रहे थे। इसी दौरान बाजार समिति रोड पर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू किया। अपराधियों ने अचानक उन्हें ओवरटेक किया और इससे पहले कि प्रभाकर कुछ समझ पाते, पीछे से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा और प्रभाकर सिंह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में सूचना अहियापुर पुलिस को दी गई, जिसके बाद घायल कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। शहर के इतने भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर व्यस्त सड़कों पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो पुलिस का इकबाल कहाँ है?
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पुलिस की विशेष टीमों को अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के हुलिए और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस शुरुआती जांच में इसे व्यावसायिक विवाद या पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। फिलहाल, स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घटना के सम्बन्ध में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा का कहना है कि साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है और जल्द ही इस हत्याकांड में शामिल शूटरों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।