मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू (ICU) में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में आईसीयू के ऑन-ड्यूटी डॉक्टर पंकज, एडमिन मैनेजर रामकुमार और मेंटेनेंस मैनेजर अजीत कुमार शामिल हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हादसे के वक्त ये तीनों ही अपनी ड्यूटी से नदारद थे।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के समय आईसीयू की सुरक्षा और मरीजों की देखभाल के लिए तैनात डॉक्टर पंकज अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। आग लगने के काफी देर बाद एडमिन मैनेजर रामकुमार सुबह अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल था। संवेदनहीनता की हद तो तब पार हो गई जब आग लगते ही अस्पताल के कई कर्मचारी मरीजों को तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गए।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की संयुक्त जांच में मेंटेनेंस को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच के मुताबिक, आईसीयू में लगे एयर कंडीशनर (AC) की लंबे समय से सर्विसिंग नहीं कराई गई थी। शुरुआती तौर पर एसी में आई इसी तकनीकी खराबी के कारण हुए शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने फायर ऑफिसर आर.एन. पांडेय के आवेदन पर विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब अस्पताल प्रबंधन और मालिक की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं को शामिल किया गया है कि फायर सेफ्टी, भवन और सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की जवाबदेही के नियमों का कितना अनुपालन किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस अब तक संदेह के आधार पर 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर चुकी है।
मालूम हो कि कल यानि कि 4 जून 2026 की अलसुबह करीब 3:30 बजे प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में अचानक आग लग गई थी। इस दर्दनाक और दिल दहला देने वाले हादसे में आईसीयू में भर्ती 6 मरीजों की दम घुटने और जलने से मौत हो गई थी। हालांकि, समय रहते 18 अन्य मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया था, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाए हुए है।