बिहार के भागलपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नवगछिया में आपसी विवाद में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भांजे विश्वजीत यादव की हत्या कर दिये जाने की खबर है। जानकारी के अनुसार घटना पानी को लेकर शुरू हुए विवाद में घटी। विश्वजीत यादव की पानी को लेकर अपने भाई से विवाद हुआ जिस दौरान उसके दूसरे भाई ने गोली चला दी जो सीधे उसे जाकर लगी और उसकी मौत हो गयी। वारदात भागलपुर के नवगछिया अंतर्गत जगतपुर गांव में घटी। इस घटना में विश्वजीत यादव के मारे जाने के अलावा दो अन्य के घायल होने की भी खबर है। यह भी कहा गया कि नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है और वह भी गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह पारिवारिक विवाद में गोली चली जिसमें मंत्री के भांजे विश्वजीत यादव की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नित्यानंद राय के दो भांजे, जयजीत यादव और विश्वजीत यादव के बीच पानी को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर गोली चला दी। भाइयों के बीच हुई गोलीबारी में एक की मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान विश्वजीत के रूप में हुई और वह केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय का भांजा बताया जाता है। वहीं घायलों में जयजीत और उसकी मां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतक केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इधर खबर है कि नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है। दोनों घायल मां-बेटे को इलाज के लिए भागलपुर के एक प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। जयजीत की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। इस घटना पर अभी तक राज्यमंत्री नित्यानंद राय या उनके परिवार की ओर से कोई बयान नहीं आया है। फिलहाल पुलिस मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि झगड़े की असली वजह क्या थी। वे यह भी जांच कर रहे हैं कि गोलीबारी में कौन-कौन शामिल था।