पटना/मुंगेर : मुंगेर समाहरणालय के सभाकक्ष में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार क्षमता को समाज एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के समन्वय से अधिक से अधिक युवाओं को अभियान से जोड़ा जाए।
बैठक में सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वयंसेवा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया गया। साथ ही खेल प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने सभी गतिविधियों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुकन्या, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंकित कुमार, ‘मेरा युवा भारत’ के नोडल पदाधिकारी तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। युवा ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर इस अभियान से जुड़ सकते हैं।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट