वीआईपी नेता और सन आफ मल्लाह की पहचान रखने वाले मुकेश सहनी ने 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। दरभंगा में उन्होंने कहा कि वे महागठबंधन में ही रहेंगे और जब चुनाव के बाद हमारी सरकार बनेगी तब वे डिप्टी सीएम बनेंगे। मुकेश सहनी को महागठबंधन में राजद की तरफ से राज्यसभा सीट भी देने की पेशकश की गई जिसपर उन्होंने राज्यसभा जाने से भी मना कर दिया। मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर वे डिप्टी सीएम बनेंगे इसलिए राज्यसभा नहीं जायेंगे। नाराजगी की खबरों के बीच जब मीडिया ने उनसे इसपर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि वे अब नाराज नहीं हैं। सीट बंटवारे को लेकर जो बातें अटकी हुई थी, उसे महागठबंधन ने मान लिया है। सहनी ने कहा कि महागठबंधन में सबकुछ ठीक है। जल्द ही सीट बंटवारे की घोषणा कर दी जाएगी।
मुकेश सहनी के खाते में 15 सीटें
सहनी ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने उन्हें महागठबंधन में उचित सम्मान का भरोसा दिलाया है। साथ ही उनके खाते में 15 सीटें दी हैं। इतना ही नहीं मुकेश सहनी को राज्यसभा और विकासशील इंसान पार्टी के दो लोगों को विधान परिषद भेजने की भी बात कही गई है। हालांकि मुकेश सहनी ने यह भी साफ कर दिया कि इस बार वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब वे महागठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के लिए प्रचार-प्रसार करेंगे। सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा कि सारी बात फाइनल हो चुकी है। एक से दो दिनों से सब बाते स्पष्ट हो जाएंगी। विदित हो कि महागठबंधन में मुकेश सहनी शुरुआत में 50 सीट और डिप्टी सीएम का पद मांग रहे थे। कुछ दिन बाद 40 सीट और डिप्टी सीएम की मांग की। इसके बाद 20 सीट और डिप्टी सीएम के पद की मांग को लेकर अड़ गए थे। अब 15 सीटों पर वे मान गए हैं।
इन सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
महागठबंधन में अपने मन मुताबिक डील मंजूर करने के बाद मुकेश साहनी दरभंगा पहुंचे। वहां उन्होंने अपने भाई को गौड़ाबौराम विधानसभा से चुनाव लड़ने का एलान किया। कहा कि चर्चा थी कि मुकेश सहनी इस सीट से खुद चुनाव लड़ेंगे। लेकिन अब उनके राज्यसभा जाने की बात हो रही है। इधर महागठबंधन में मुकेश साहनी के खाते में जो सीटें आई हैं, उनमें केसरिया, झंझारपुर, गोपालगंज, छातापुर, गौड़ाबौराम, भभुआ, रजौली, सहरसा, सकरा, अलीनगर, अमौर, हरनौत, नालंदा, बथनाहा, नौतन विधानसभा सीटें शामिल हैं। विधानसभा चुनाव 2020 में मुकेश सहनी की पार्टी ने 11 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। इनमें से 4 सीटों पर VIP ने जीत हासिल की। हालांकि मुकेश सहनी खुद सिमरी बख्तियारपुर सीट से चुनाव हार गए। मौजूदा चुनाव में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों ने सहनी को महागठबंधन में उचित सम्मान का भरोसा दिलाया है।