पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को आज शनिवार की दोपहर पटना की एक अदालत में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यानी पप्पू यादव को जमानत नहीं मिली और फिलहाल वे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती रहेंगे। तबीयत खराब होने के चलते उन्हें ज्यूडीशियल कस्टडी में रखते हुए पीएमएसीएच अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। सांसद पप्पू यादव को एक ड्रामे के बाद बीती देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था। पश्चिमी पटना के सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ यह मामला पुरानी भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत दर्ज था और अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) में परिवर्तित हो चुका है। इसमें पप्पू यादव कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अब सोमवार को होगी मामले की सुनवाई
सांसद पप्पू यादव को पुलिस मेडिकल के लिए पहले आईजीआईएमएस ले गई जहां तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पीएमसीएच में शिफ्ट किया गया। इसके बाद सांसद को MP/MLA कोर्ट में पेश किया गया जहां सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अब इस मामले में सोमवार को एक बार फिर सुनवाई होगी। पप्पू यादव को बीती देर रात उनके पटना के मंदिरी स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया था। पप्पू के खिलाफ 1995 से एक ट्रायल कोर्ट केस चल रहा है। यह मामला पटना के गर्दनीबाग का है जहां उनपर एक मकान कब्जाने को लेकर मुकदमा दर्ज है। इस केस में अदालत में पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। कोर्ट में पेश न होने के कारण ही सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी की गई।