मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक मां ने अपने पति के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद से उपजे तनाव में आकर पर अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे को जहर खिलाकर मार डाला। मृतक बच्चे की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तर टोला निवासी अखिलेश राम के ढाई साल के बेटे आर्यन कुमार के रूप में हुई है। बच्चे का पिता पंजाब में मजदूरी का काम करता है और वह फिलहाल पंजाब में ही है। बच्चे की हत्या का आरोप सास-ससुर ने अपनी बहू पर लगाया है। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला आरती देवी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अुनसार आरती ने बिस्किट में जहर देकर बच्चे की हत्या कर दी।
बताया जाता है कि आरती देवी की सास गीता देवी और ससुर कैलाश राम किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी बीच आरती ने बिस्किट में जहर मिला कर अपने ढाई वर्षीय बड़े पुत्र आर्यन को खिला दिया। थोड़ी देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद अरोपी महिला चीखने लगी तो आसपास के लोग पहुंचे। आनन फानन में ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया गया लेकिन तब तक बव्वे की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया जिसने अहम सबूत जुटाए। मृतक बच्चे के दादा कैलाश राम के मुताबिक, उनके बेटे अखिलेश की शादी सात साल पहले आरती कुमारी से हुई थी। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक चला। उसके बाद बेटे-बहू के बीच लड़ाई-झगड़ा होने लगा। बहू बिना बताए अपने मायके चली जाती थी। वह 15 दिन पहले भी मायके गई थी और बीते दिन ही लौटी थी।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया। रामपुर हरि थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि संदेहास्पद स्थिति में एक बच्चे की मौत हुई है। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। बच्चे के दादा—दादी ने बताया कि दोपहर जब सास-ससुर मजदूरी करने घर से बाहर गए थे, तब उनकी बहू ने कथित तौर पर बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिला कर अपने ढाई साल के बेटे को खिला दिया। आरोपी महिला के चरित्र को लेकर भी लोग तरह—तरह की बातें कर रहे हैं। उसे एक साल का एक और बेटा है जिसे उसने कोई क्षति नहीं पहुंचाई है।