पटना: कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस लाख दावे कर ले, लेकिन राजधानी पटना में विभिन्न प्रकार के अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे। अलग-अलग तरह की चोरी की घटनाएं हर रोज हो रही हैं। चोरों के आतंक से अब पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। स्वत्व मीडिया नेटवर्क के वीडियो एडिटर प्रभात रंजन शाही की साइकिल बुधवार शाम को कार्यालय से चोरी हो गई।
इस संबंध में प्रभात ने बताया कि प्रतिदिन की भांति वे बुधवार को एग्जिबिशन रोड स्थित स्वत्व मीडिया नेटवर्क के कार्यालय में काम खत्म करने के बाद शाम सवा 6 बजे मुख्य गेट के पास तो देखा कि तय स्थान पर उनकी साइकिल नहीं है। सीसीटीवी फूटेज खंगालने पर पता चला कि 5:58 बजे एक अधेड़ मुख्य ग्रिल के पास आता है। कुछ सेकेंड आसपास ताकझांक करने के बाद ग्रिल के अंदर प्रवेश करता है और कटर से लॉक काटकर बगल की बाइक पर रख देता है और फिर आनन—फानन में साइकिल पर सवार होकर निकल पड़ता है।
चोरी के बाद एग्जिबिशन रोड व इसके आसपास के क्षेत्रों जमाल रोड, पटना जंक्शन रोड, भट्टाचार्य रोड आदि में पूछताछ करने पर दुकानदारों ने बताया कि इस इलाके में साइकिल चोरों का गिरोह सक्रिय है। ये लोग पिछले कुछ दिनों में कई साइकिलों की चोरी कर चुके हैं। खासकर नशा करने वाले इस तरह की घटना को अंजाम देते हैं।
साइकिल चोरी की घटना को लेकर गांधी मैदान में लिखित सूचना दी गई। शुक्रवार को एसआई गोपाल प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ की।