सिरदला (नवादा) | प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब प्रखंड के सभी 132 विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए संबंधित गैस एजेंसी के नाम आवेदन करना अनिवार्य कर दिया गया है। अभिषेक भारत गैस एजेंसी के वितरक सह समाजसेवी ने बताया कि पेट्रोलियम विभाग से प्राप्त नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, विद्यालयों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति तभी संभव होगी जब प्रधानाध्यापक एजेंसी के नाम औपचारिक आवेदन करेंगे।
इस प्रक्रिया के माध्यम से पेट्रोलियम विभाग को ऑनलाइन सूचित किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसी के पास सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट होने के बाद ही विद्यालयों को 19 किलोग्राम का कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजनरायण प्रसाद एवं एमडीएम प्रभारी किरण कुमारी ने कड़ा रुख अपनाया है।
अधिकारियों ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी प्रधानाध्यापक अविलंब गैस एजेंसी के नाम आवेदन जमा करें ताकि समय पर सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। यदि गैस की कमी या अभाव का बहाना बनाकर किसी भी विद्यालय में एमडीएम बंद पाया जाता है, तो संबंधित प्रधान शिक्षक के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य एमडीएम योजना में पारदर्शिता लाना और गैस की आपूर्ति को पूरी तरह डिजिटल रिकॉर्ड के दायरे में लाना है, जिससे भविष्य में ईंधन की कमी के कारण बच्चों के भोजन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
भईया जी की रिपोर्ट