शेखपुरा में एक 8 वर्षीया बच्ची से दूसरे समुदाय के हैवान द्वारा दर्रिदगी की खबर है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद सन्नी को नवादा के कौआकोल से गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन मामला दो समुदायों का होने से शेखपुरा और पड़ोसी जिलों में तनाव फैल गया है। इसे देखते हुए शेखपुरा और नवादा, नालंदा जिले में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार शेखपुरा के महुली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय महिलाएं मौके पर पहुंचीं। महिलाओं को देखते ही आरोपी युवक मोहम्मद सन्नी घटनास्थल से फरार हो गया। इसके बाद घटना की जानकारी पीड़िता के परिजनों को दी गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच एवं उपचार के लिए भेजा गया।
हालांकि घटना के महज आठ घंटे के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को नवादा जिले के पहाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सन्नी उर्फ इज्मामुलहक के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ स्तर पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की और अंततः पुलिस को नवादा के कौआकोल में आरोपी के छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस ने वहां छापेमारी की और आरोपी मोहम्मद सनी को नवादा जिला के कौआकोल क्षेत्र के पहाड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर कड़े शब्दों में कहा कि घटना के बाद आरोपी को बचाने या फरार कराने में मदद करने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। इधर परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और इलाके में पुलिस की सघन गश्त शुरू की गई है।