अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आज पीएम मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट को विभिन्न क्षेत्रों में सफल महिलाएं संभाल रही हैं। इस क्रम में नालंदा की महिला उद्यमी और मशरूम लेडी के नाम से मशहूर अनीता देवी ने अपने संघर्ष व सफलता की कहानी पीएम मोदी के एक्स हैंडल पर शेयर की। नालंदा में अनंतपुर गांव की रहने वाली अनीता ने वर्ष 2016 में खुद स्वरोजगार का निर्णय लिया और माधोपुर फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की स्थापना की। आज मशरूम उत्पादन के जरिए वे अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहीं हैं। अनीता ने प्रधानमंत्री के एक्स हैंडल के माध्यम से बताया कि मैंने न सिर्फ कंपनी की स्थापना कर अपनी राह आसान की है, बल्कि सैकड़ों महिलाओं को रोजगार के अवसर देकर आत्मनिर्भर भी बनाया है।
मशरूम उगाया, कई महिलाओं को भी रोजगार
अनीता देवी ने बताया कि अब मेरी कंपनी किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक जैसी जरूरी चीजों को भी सस्ती दरों पर उपलब्ध कराती है। आज इस कंपनी में काम करने वाली सैकड़ों महिलाओं को, आजीविका के साथ स्वाभिमान का जीवन भी मिल रहा है। अनीता बताती हैं कि बिहार सरकार की जीविका परियोजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की मदद से मैंने मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण लिया था। इसके बाद मैंने सैकड़ों महिलाओं को भी मशरूम की खेती से जोड़ा है। अब मेरा सपना है कि गांव की हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो।
मखाना पर सरकार की पहल से भी जुड़ेंगी
अभी जो मखाना बोर्ड की स्थापना का एलान हुआ है, उसके बाद मैं मखाने से जुड़े काम के बारे में भी सोच रही हूं। मेरे साथ काम करने वाली महिलाओं को आत्मनिर्भर बनते देखना मेरी सबसे बड़ी खुशी है। मैं मानती हूं कि आर्थिक स्वतंत्रता ही महिलाओं के सम्मान और सामाजिक स्थिति को मजबूत करती है। आज जब मेरे साथ की महिलाएं अपने परिवार के लिए कुछ अच्छा करती हैं, तो मुझे इससे सबसे ज्यादा संतोष होता है। अनीता का मानना है कि अगर मैं ये काम कर सकती हूं तो ये कोई भी कर सकता है। मेरा देश की सभी बहनों को यही संदेश है कि वो आत्मनिर्भर बनें और अपने साथ साथ अपने परिवार का जीवन बदलने के लिए भी काम करें। अगर आप अपनी लगन और परिश्रम से आगे बढ़ने का प्रण कर लेंगी तो दुनिया की कोई शक्ति आपको नहीं रोक पाएगी।