बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू प्रसाद की पार्टी राजद ने अपना नया प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया है। धानुक समाज से आने वाले मंगनीलाल मंडल को निर्विरोध राजद का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। बतौर नए राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल के नाम की घोषणा करते हुए तेजस्वी यादव ने एक पोस्ट लिखा जिसमें कहा कि बिहार में पहली बार किसी राजनीतिक दल का प्रदेश अध्यक्ष कोई अति पिछड़ा बना है। उन्होंने निर्विरोध राजद का प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर मंगनी लाल मंडल को मिठाई खिलाकर बधाई दी। दरअसल बिहार में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा कि मंगनी लाल मंडल के बहाने अतिपिछड़ों पर तेजस्वी ने दांव लगाया है। लेकिन असल परीक्षा तो चुनाव में ही होगी कि ऐसा करने से क्या उन्हें सफलता मिलेगी।
नेता प्रतिपक्ष और राजद विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा कि बिहार में किसी भी पार्टी द्वारा प्रथम बार “अतिपिछड़ा वर्ग” से प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। राजद से अनुसूचित जाति वर्ग, मुस्लिम वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अगड़ा वर्ग से पूर्व में प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। अब अतिपिछड़ा वर्ग से संबंध रखने वाले वरिष्ठ एवं अनुभवी समाजवादी नेता आदरणीय श्री मंगनीलाल मंडल जी को अध्यक्ष बनाया गया है। सर्वप्रथम किसी अतिपिछड़ा को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का गौरव राजद को ही हासिल हुआ है। इतना ही नहीं तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया कि देश में राष्ट्रीय जनता दल ही सर्वप्रथम एवं अकेली ऐसी पार्टी है जिसने अपने संगठन में दलितों और अतिपिछड़ों के लिए आरक्षण लागू किया हुआ है।
अपनी पोस्ट में तेजस्वी यादव ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की भी खूब तारीफ की। कहा कि उनका कार्यकाल सकारात्मक व गुणात्मक परिवर्तन के लिए सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में भी जिस कर्मठता, समर्पण, त्याग, अनुशासन एवं लग्न के साथ इस महत्ती ज़िम्मेवारी का निर्वहन किया वह वर्णन से परे है। नेता प्रतिपक्ष ने नीतीश सरकार और उनके अधिकारियों पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि बिहार में अचेतन मुख्यमंत्री एवं डीके टैक्स के कारण प्रशासनिक अराजकता, अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, लापरवाही एवं अनियमितता का यह आलम है कि अब अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते। बिहार में अपराध, भ्रष्टाचार, कोताही और लापरवाही पर किसी की कोई जवाबदेही नहीं, कहीं कोई कोई कारवाई नहीं। सब मिलकर गरीब राज्य का खजाना लूट रहे है।