विद्या भारती की तीन दिवसीय साधारण सभा बैठक शुरु
राजगीर : विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तीन दिवसीय साधारण सभा बैठक राजगीर स्थित पूज्य तपस्वी जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर में शुक्रवार को शुरू हो गई, जो 13 अप्रैल तक चलेगी। बैठक का उद्घाटन मुख्य अतिथि संत लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने संयुक्त रूप से मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। अध्यक्षता विद्या भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी. रामकृष्ण राव ने की। वहीं संचालन क्षेत्रीय मंत्री राम अवतार नरसरिया ने किया। राष्ट्रीय महामंत्री अवनीश भटनागर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना विद्या भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री गोविंद चंद्र महंत ने रखी।
जीयर स्वामी जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन का प्रथम पहचान शिक्षा है। ज्ञान के माध्यम से मानव सभी कामनाओं को पूर्ण कर सकता है। राष्ट्र, समाज एवं परिवार के विकास के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा अपराधी के अपराध करने पर नियंत्रण करती है। जीवन में शांति के लिए संस्कार युक्त शिक्षा अति आवश्यक है। शिक्षा मर्यादित जीवन जीने की कला सिखाती है। जीवन में संस्कार, संस्कृति एवं मानवता को अपनाना चाहिए। वहीं सह सरकार्यवाह ने कहा कि बालकों के गुणवत्तापूर्ण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता की जानकारी आवश्यक है, जिसमें पंच प्राण पद्धति कारगर साबित होगी। विद्या भारती के तीन पुस्तकें कॉफी टेबल, पंच परिवर्तन एवं चिंतन बैठक पुस्तक का विमोचन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विद्या भारती समेत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले दिवंगत विभूतियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट मौन रह कर ईश्वर से प्रार्थना की। साधारण सभा बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कार्य के विस्तार व गुणवत्ता विकास पर चर्चा की गई।

विद्या भारती के क्षेत्रीय प्रचार-प्रसार संयोजक नवीन सिंह परमार ने बताया कि बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से तीन सौ से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। वहीं पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। साधारण सभा बैठक के माध्यम से लघु भारत का स्वरूप देखने को मिल रहा है। इस दौरान विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने घोष के विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर विद्या भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र कन्हारे, राजेंद्र प्रसाद खेतान, कोषाध्यक्ष जैनपाल जैन, कमल किशोर सिन्हा, क्षेत्रीय सह मंत्री राणा पुरुषोत्तम कुमार सिंह, मोहन सिंह, दिनेश कुमार, मनोज कुमार, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, रामलाल सिंह, नकुल कुमार शर्मा, भरत पूर्वे, प्रधानाचार्य अनन्त कुमार सिन्हा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।