मुजफ्फरपुर से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पर एक पति ने गड़ांसे से अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात को इस 60 साल के शख्स ने बीती रात को मनियारी थाना क्षेत्र के अमरख गांव स्थित अपने घर में अंजाम दिया। आरोपी का नाम कपिलेश्वर महतो बताया जाता है। पत्नी का सिर काटने के बाद कपिलेश्वर रात भर शव के पास ही बैठा रहा। जब सुबह हुई तो उसने फरार होने की कोशिश की लेकिन गांव वालों को पता चल गया और उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जीजा से था पत्नी का अवैध संबंध
मृतका कपिलेश्वर महतो की पत्नी सुरजी देवी (50) बताई जाती है। जानकारी के मुताबिक सुरजी देवी का अपने जीजा से अवैध संबंध था। इस बात को लेकर पति कपिलेश्वर महतो नाराज चल रहा था। बीती रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कपिलेश्वर में अपनी पत्नी की गड़ांसे से गला रेतकर हत्या कर दी। सुबह जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंची तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव वालों ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी पति ने अपने भाई को घटना की जानकारी दी और फरार होने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के भाई ने बताया कि कपिलेश्वर महतो और उसकी पत्नी सुरजी देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह विवाद इतना भयावह अंजाम ले लेगा। उसने बताया कि घटना के बाद उसका भाई उसके पास आया और कहा कि उसने धारदार हथियार से अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद वह भागने लगा, तभी उसने शोर मचाया और स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपी को पकड़ लिया गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खून से सना दृश्य देखकर ग्रामीण स्तब्ध हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल है।