मुजफ्फरपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें अपार्टमेंट की 5वीं मंजिल से गिरकर एक डीएसपी की घरेलू नौकरानी की मौत हो गई। बताया जाता है कि लिफ्ट में चढ़ने के दौरान महिला लिफ्ट के पैसेज में 5वीं मंदिल से गिर गई और उसकी वहीं मौत हो गई। महिला की उम्र करीब 60 वर्ष और उसका नाम पुनीता देवी बताया जाता है। महिला पुनीता मुजफ्फरपुर सदर थानांतर्गत खबड़ा स्थित अपार्टमेंट में पटना में पदस्थापित एक डीएसपी के 101 नंबर फ्लैट में काम करने गई थी। वहां वह कपड़े पसारने के लिए छत पर गई थी। इसी क्रम में नीचे लौटते वक्त उसके साथ यह दर्दनाक हादसा पेश आया। महिला मेड पुनीता दरभंगा में आशेक पेपर मिल के पास स्थित बिशुनपुर मुहल्ले की रहने वाली थी। पता चला कि डीएसपी के फ्लैट में वह कुछ ही माह से काम कर रही थी।
इधर घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। एफएसएल एक्सपर्ट की टीम ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुनीता के पुत्र केशव कुमार चौधरी ने बताया कि वर्ष 2012 में उसके पिता की मौत हो गई थी। वह परिवार में इकलौता है और उसकी मां घरेलू मेड का काम करके परिवार चला रही थी। बताया जाता है कि पुनीता देवी खबरा स्थित और पटना में पदस्थापित डीएसपी अभिजीत अल्केश के घर पर काम करती थीं। पुनीता देवी किसी काम से अपार्टमेंट की छत पर गई थीं। काम खत्म करने के बाद जब वह नीचे लौट रही थीं तो उसने लिफ्ट को नीचे से ऊपर लाने के लिए बटन दबाया। लेकिन लिफ्ट के ऊपर आने से पहले ही दरवाजा खुल गया और वह संतुलन बिगड़ने से लिफ्ट के पैसेज में सीधे पांचवीं मंजिल से नीचे गिर पड़ीं। गिरने की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तेज आवाज सुनकर अपार्टमेंट में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक महिला मेड पुनीता देवी की जान जा चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को इस दर्दनाक हादसे की सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों को गहरा सदमा लगा और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।