मधेपुरा में आज शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा NH-106 के पास बिजली ऑफिस के पास तब हुआ जब एक तेज रफ्तार हाइवा ने एक कार को बुरी तरह रौंद दिया। हाईवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे कार के ऊपर चढ़ गया। इस दुर्घटना में कार सवार सभी 4 लोग बुरी तरह कुचल गए। चारों लोग आपस में मित्र थे और वे सभी कार से कही जा रहे थे। मृतकों में तीन के सिर बुरी तरह कुचला गए जबकि एक की आंखें बाहर निकल आईं। अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने लोकल लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
तीन के सिर कुचले, एक की आंखें बाहर
जानकारी के अनुसार सभी मृतक मधेपुरा के ही रहने वाले थे। इनमें से तीन की पहचान सोनू कुमार, साहिल राज और साजन कुमार के तौर पर हुई जबकि एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है चारों बीती रात दोस्त बेटा होने की खुशी में दी गई पार्टी में सोनू के घर पहुंचे थे। बीती रात ही सोनू की पत्नी ने एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है और वह अभी भी वहीं भर्ती है। सोनू अपनी पत्नी और बच्चे को देखने के बाद अपने दोस्तों को छोड़ने जा रहा था इसी दौरान सभी हादसे का शिकार हो गए। मृतक सोनू के पिता अशोक साह ने कहा कि सोनू दोस्तों के साथ दवाई लेने के लिए कार से निकला था, लेकिन लौट नहीं सका।
हाईवा ने कार के उड़ाए परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हाईवा में ही चिपक गई। इससे कार ड्राइव कर रहे युवक का सिर बाहर की तरफ लटक गया। जबकि बगल में बैठा युवक उछल कर ड्राइविंग सीट तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। मधेपुरा सदर थाना की पुलिस ने हाइवा और कार को जब्त कर लिया है और हाईवा ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना हादसे की मुख्य वजह लग रही है। घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोनू के परिवार में बेटे के जन्म की खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया।