पटना जिले के बाढ़ और समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बीच से होकर बहने वाली गंगा नदी की बच धारा में आज गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ जिसमें नाव पर सवार 14 लोग लापता हो गए। अभी तक 2 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। सभी मृतक और लापता समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर के रहने वाले बताए जाते हैं। ये सभी लोग मजदूर थे जो गंगा के उस पार पटना के बाढ़ स्थित दीयर इलाके में परवल फसल की तुड़ाई के लिए जा रहे थे। बताया जाता है कि मोहिउद्दीन नगर के रासपुर पतसिया पश्चिम पंचायत के सुल्तानपुर दियारा इलाके और उस पार बाढ़ के उमानाथ घाट इलाके के बीच गंगा में आज गुरुवार की सुबह इनकी नाव अचानक डूब गई। हादसे के वक्त नाव पर कुल 14 लोग सवार थे। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मची हुई है।
परवल तोड़ने जा रहे थे सभी लोग
जानकारी के अनुसार नाव पर सवार सभी लोग सुल्तानपुर दियारा क्षेत्र और उस पार बाढ़ के दीयारा क्षेत्र में परवल की खेती और उसके कारोबार से जुड़े हुए थे। गुरुवार को वे सभी पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत उमानाथ घाट से डेंगी नाव पर सवार होकर दियारा इलाके की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी के बीच मजधार में नाव अचानक अनियंत्रित और असंतुलित हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, देखते ही देखते नाव गहरे पानी में समा गई। हादसे की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत नावों के सहारे नदी में उतरे और अपने स्तर से बचाव कार्य शुरू किया। थोड़ी ही देर में प्रशासनिक टीम और भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। अब तक नदी से दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
5 बचाए गए, 7 की तलाश जारी
घटनास्थल पर बाढ़ के अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार और बाढ़ थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं। हादसे के बाद वहां घाट पर लापता और मृत लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों की भारी भीड़ जमा है और पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासन ने कहा कि जब तक आखिरी व्यक्ति को ढूंढ नहीं लिया जाता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा। इसबीच ताजा खबर के अनुसार 5 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया गया कि हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान एक महिला और एक युवक का शव नदी से बरामद किया गया है। वहीं, सात लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश जारी है।