LPG गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर पीएम मोदी खुद एक्शन में आ गए हैं। बिहार समेत देशभर में LPG को लेकर मचे हाहाकार को देखते हुए प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह समय जनता से अधिकतम संपर्क बनाए रखने का है, ताकि किसी भी तरह की गलतफहमी या अफवाह न फैलने पाए। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय में एक केंद्रीय कंट्रोल रूम का गठन किया गया है जो बिहार समेत देश के सभी राज्यों से सीधे जुड़कर हालात पर नजर रखेगा। बिहार में सभी जिलों के डीएम ने उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलइन नंबर जारी किया है जिससे लोगों मेंं पैनिक न फैले। पीएम मोदी ने आम लोगों को आश्वस्त किया है कि देश में कहीं भी रसोई गैस की किल्लत नहीं होगी। लोग सामान्य तौर पर अपनी आवश्यकतानुसार खरीद करें, न कि पैनिक में आकर। अगर सामान्य व्यवहार बनाए रखेंगे तो एलपीजी मिलती रहेगी, वरना जमाखोर इस स्थिति का बेजा फायदा लेने की कोशिश करेंगे। इसके साथ ही सरकार ने LPG गैस सिलेंडर के मौजूदा हालात को देखते हुए 6 जरूरी कदम उठाए हैं।
LPG गैस के लिए केंद्र सरकार के छह बड़े कदम
- रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल इकाइयों को घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति का निर्देश
- सरकारी और निजी क्षेत्र की रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने का आदेश
- जमाखोरी, ‘पैनिक बुकिंग’ को रोकने के लिए सिलेंडर बुकिंग का अंतर 21 से बढ़ा 25 दिन
- घरेलू पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG), वाहनों के लिए CNG और घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता
- रेस्तरां-होटल में कमर्शियल सिलेंडर की कमी को देखते हुए OMCs के एक विशेष समिति बनाई गई
- अतिरिक्त उत्पादित LPG को सिर्फ 3 सरकारी कंपनियों IOCL, BPCL और HPCL को ही बेचा जाए
पटना समेत बिहार के जिलों में हेल्पलाइन नंबर
इधर बिहार के विभिन्न जिलों में वहां के जिलाधिकारियों ने घरेलू LPG गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने तथा इसके अनुश्रवण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित किया है। राजधानी पटना में भी डीएम के निर्देश पर घरेलू LPG गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण तथा इससे संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन स्थापित किया है। इस हेल्पलान नंबर पर बिहार में कोई भी उपभोक्ता या आम जनता संबंधित जिले के हेल्पलाइन नंबर पर इस संबंध में सूचना, शिकायत या जानकारी 9 बजे पूर्वाह्न से 6 बजे अपराह्न तक दर्ज कर सकता है। राजधानी पटना में हेल्पलाइन का नंबर—दूरभाष संख्या 0612-2219810 है। जिला प्रशासन द्वारा इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
भारत की तैयारियां मजबूत हैं : पीएम मोदी
उधर रसोई गैस की मारामारी के बीच केंद्र सरकार सुपरएक्टिव मोड में आ गई है और घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के साथ कई कड़े कदम तत्काल उठाए गए हैं। पूरे देश में एस्मा लागू करते हुए आम एलपीजी सिलेंडर धारकों से कहा गया है कि वो घबराएं नहीं। सभी को पर्याप्त गैस आपूर्ति के लिए ठोस इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि वे अपने—अपने क्षेत्र और राज्य के लोगों को वास्तविक स्थिति समझाएं। उनकी चिंताएं सुनें और जमीन पर मौजूद रहकर हालात की निगरानी करें। पीएम मोदी ने आश्वस्त किया कि भारत की तैयारियां बेहद मजबूत हैं और देश अपने पड़ोसियों सहित कई अन्य राष्ट्रों से बेहतर स्थिति में है। सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और सभी एजेंसियां सक्रिय हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा स्थिति पूरी दुनिया को प्रभावित कर रही है, इसलिए भारत की प्रतिक्रिया भी वैश्विक परिप्रेक्ष्य को समझकर होनी चाहिए।