गोपालगंज के श्रीपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान शराब तस्करों के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने एक तस्कर को गोली मारकर धर दबोचा है। जानकारी के अनुसार मुठभेड़ तब शुरू हुई जब शराब तस्करी की गुप्त सूचना पर पुलिस ने वाहन जांच शुरू की थी। इसी दौरान यूपी से एक कार से आ रहे तस्कर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बताया जाता है कि शराब तस्कर ने एक दारोगा को कुचलने का प्रयास किया, और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। मुठभेड़ में यूपी के तस्कर के जबड़े में गोली लगी जबकि वाहन जांच कर रहे दरोगा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। एनकाउंटर के बाद पुलिसने देसी कट्टा और गोली बरामद किया है। पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार करने के बाद उसे पीएचसी भेजा जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना श्रीपुर थानाक्षेत्र के बंशी बतरहा गांव के समीप घटी जहां देर रात यूपी से आने वाले सभी वाहनों की पुलिस तलाशी ले रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि यूपी से स्कॉर्पियो में शराब तस्करी कर गोपालगंज लाई जा रही है। इसी बीच बंशी बतराहा गांव के समीप वाहन को रोका गया और दारोगा संतोष कुमार स्कॉर्पियो के पीछे तलाशी के लिए पहुंचे, तस्कर ने बैक गियर लगाकर दारोगा को कुचल कर भागने की कोशिश की। धक्के से दारोगा सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोट आई।
बताया जाता है कि भागने के दौरान शराब तस्कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मार दी। एनकाउंटर के बाद पुलिसने देसी कट्टा और गोली बरामद किया है। आरोपी तस्कर का नाम किशन कुमार है और वह यूपी के गोरखपुर के भरथरी गांव का निवासी बताया जाता है। शराब तस्कर किशन के जबड़े में गोली लगी है। बाद में घायल तस्कर को पटना पीएमसीएच के लिए रेफर किया गया है। श्रीपुर पुलिस फिलहाल शराब के अवैध धंधे में शामिल अन्य शराब तस्करों की पहचान करने में जुट गई है।