नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर ललन सिंह ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने देश की छवि धूमिल करना ‘देशद्रोह’ के समान है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
दरअसल, दिल्ली पुलिस द्वारा यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोला था। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारा लोकतांत्रिक अधिकार और ऐतिहासिक धरोहर है। अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में देश के हितों, विशेषकर किसानों और टेक्सटाइल उद्योग के साथ समझौता किया गया है। राहुल ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को ‘बब्बर शेर’ बताते हुए कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना देशभक्ति है।
राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने तंज कसा कि नेता प्रतिपक्ष की बातें सुनकर हंसी आती है। वहीं, AI समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ‘शर्टलेस प्रोटेस्ट’ को ललन सिंह ने भारत को वैश्विक स्तर पर बदनाम करने की साजिश बताया है। उन्होंने सवाल किया, “देश का मान-सम्मान गिराना अगर देशद्रोह नहीं है, तो क्या है?” ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है और वे ठोस निर्णय लेते हैं, जबकि राहुल गांधी ने “गलत चश्मा” पहन रखा है जिससे उन्हें विकास नहीं दिखता।
केंद्रीय मंत्री ने आगे अपने तीखे लहजे में कहा कि आप बार-बार खुद को हास्यास्पद क्यों बना लेते हैं? राहुल गांधी कभी सुधरने वाले नहीं हैं, भगवान उनका भला करे। जहाँ पूरी दुनिया भारत की AI क्षमताओं की सराहना कर रही थी, वहीं राहुल गांधी के इशारे पर प्रदर्शन कर कांग्रेस ने देश की गरिमा को ठेस पहुँचाई है। ललन सिंह ने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।