बाढ़ (पटना) : मुंगेर सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘जनसंवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम’ के दौरान युवाओं के लिए सौगातों की बौछार कर दी। उन्होंने घोषणा की है कि मुंगेर लोकसभा के अंतर्गत आने वाली प्रत्येक पंचायत में युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आधुनिक जिम और कंप्यूटर युक्त पुस्तकालय (लाइब्रेरी) स्थापित किए जाएंगे।
कार्यक्रम संबोधित में ललन सिंह ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी सांसद निधि (MPLAD Fund) को पिछले दो वर्षों से विशेष रूप से संरक्षित रखा है। इस फंड का उपयोग केवल पारंपरिक नाली-गली या सामुदायिक भवन निर्माण में ही नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारने वाली योजनाओं में किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं के लिए साउंड बॉडी, साउंड माइंड के विजन को साझा किया।
उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रखने व खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए हर पंचायत में जिम बनेगा। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर पंचायत में ऐसी लाइब्रेरी बनेगी जो कंप्यूटर और तकनीकी शिक्षा की सुविधाओं से लैस होगी। जिला स्तर पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को ललन सिंह स्वयं सम्मानित करेंगे और सभी को ट्रैक सूट भी प्रदान किया जाएगा।
रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए ललन सिंह ने कहा कि सरकार लगातार विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्तियां निकाल रही है। वहीं, उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इधर-उधर भटकने के बजाय सरकारी वैकेंसी और अवसरों का लाभ उठाएं। युवाओं को सही दिशा दिखाना और उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाना ही उनकी प्राथमिकता है। संसाधनों का सही उपयोग कर हम पंचायत स्तर तक ऐसी सुविधाएं पहुंचाएंगे जिससे गांव का बच्चा भी तकनीकी और शारीरिक रूप से शहर के बच्चों के बराबर खड़ा हो सके।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट