लखीसराय के पीरी बाजार थानांतर्गत घोंघी गांव में बीती देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक रेलकर्मी की ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोलियों से छलनी कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। मृतक की पहचान
रेलवे ग्रुप डी के कर्मी 35 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ दिलीप कुमार के रूप में हुई है जो छुट्टी पर अपने गांव आकर अपने खेत में सरसों कटवा रहे थे। वारदात को बीती शाम करीब 6 बजे के आसपास अंजाम दिया गया। संतोष कुमार अपने खेत में फसल कटाई की निगरानी कर रहे थे तभी अज्ञात अपराधियों ने पहले से घात लगाकर गोलीबारी शुरू कर दी। कई गोलियां उनके शरीर में लगी और उन्होंने लखीसराय सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक संतोष कुमार पश्चिम बंगाल के अंडाल में रेलकर्मी के तौर पर तैनात था। हमले के बाद बदमाश आराम से फरार हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने सूचना के बाद भी पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। यही नहीं लगभग चार घंटे तक पुलिसकर्मियों द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। सैकड़ों लोगों ने सदर अस्पताल परिसर में हंगामा किया और पुलिस पर हमला बोला और शव को लेकर सड़क पर निकल आए। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने शव को लेकर हाईवे-30 पर जाम लगा दिया।
हालात बिगड़ते देख डीएसपी शिवम कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। डीएसपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर हत्यारों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस भरोसे के करीब 2 घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तफ्तीश में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस इस मामले में घटना के वक्त वहां मौजूद लोगों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। डीएसपी ने बताया कि मृतक संतोष कुमार छुट्टी पर गांव आए थे और खेत में काम कर रहे थे। अपराधियों के मकसद का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही हत्यारों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।