बिहार के बड़े कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के मास्टरमाइंड माने जा रहे कारोबारी अशोक साव को गिरफ्तार कर लिया है। गोपाल खेमका हत्याकांड का वह मुख्य साजिशकर्ता बताया जाता है। उसपर गोपाल खेमका की हत्या की सुपारी देने का आरोप है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अशोक साव पर शक पहले से था, लेकिन पुख्ता सबूत मिलने के बाद ही उसे लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि अशोक साव ने ही इस हत्या की साजिश रची थी और इसे अंजाम देने के लिए कॉन्ट्रेक्ट किलर उमेश यादव को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। उसने हत्या से पहले ही एक लाख रुपये का भुगतान भी शूटर उमेश यादव को कर दिया था।
अशोक साव ने कैसे रची खेमका हत्याकांड की साजिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या की साजिश के तहत उमेश यादव को हथियार मुहैया कराने का काम आरोपी विकास उर्फ राजा ने किया था, जिसे पुलिस ने आज मंगलवार को तड़के पटना सिटी के मालसलामी इलाके में मुठभेड़ में ढेर कर दिया। हत्या के बाद उमेश यादव सीधे अशोक साव के फ्लैट पर रुका था, जिससे इस पूरे षड्यंत्र की कड़ियां और मजबूत होती हैं। पुलिस को संदेह है कि इस हत्या के पीछे गहरी व्यावसायिक रंजिश भी थी, जिसे लेकर अशोक साव ने खेमका को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पटना सिटी से इस हत्याकांड में गिरफ्तार एक अन्य शूटर विजय सहनी से पूछताछ के बाद पुलिस को अशोक साव के खिलाफ कई सबूत मिले थे। वह नालंदा का रहने वाला है। अशोक साव बिल्डिंग एवं कंस्ट्रक्शन लाइन में कारोबार करता था। इसी कारोबार को लेकर उसकी गोपाल खेमका से विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद उसने गोपाल खेमका की हत्या की साजिश रची। इसके बाद उसने गोपाल खेमका को मारने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी।
मुठभेड़ में ढेर विकास के परिजनों का हंगामा
इधर खबर है कि पटना सिटी में आज तड़के हुए एनकाउंटर में ढेर राजा उर्फ विकास के परिजन उसे निर्दोष बताते हुए हंगामा कर रहे हैं। पटना पुलिस की एक टीम बीती देर रात को खेमका हत्याकांड में प्रयुक्त हथियार बरामद कराने विकास को मालसलामी ले गई थी। वहां वह फायरिंग करते हुए भागने लगा जिस दौरान पुलिस ने उसे मार गिराया। हालांकि, विकास के परिजन उसे निर्दोष बता रहे हैं। उनका कहना है कि विकास चेन्नई में जॉब करता था। उसका इस सब से कोई लेना देना नहीं था। लेकिन, पुलिस ने उसे बलि का बकरा बना दिया। पुलिस की गोली का शिकार हुए विकास की मौत के बाद उसकी मां ने कहा कि विकास ने कुछ नहीं किया है। वह पूरी तरह निर्दोष है। घटना के बाद विकास के घर में मातम पसरा है।