पटना कोचिंग विवाद में फंसने के बाद से खान सर अंडरग्राउंड हो गए हैं। बीती रात भर पटना पुलिस उनके कोचिंग, घर और अन्य ठिकानों पर उन्हें ढूंढती रही, पर वे नहीं मिले। पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद खान सर ने छात्रों की क्लास ली थी। मगर पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलने के साथ ही वे अंडरग्राउंड हो गए। फायरिंग मामले में दर्ज प्राथमिकी में खान सर को नामजद किया गया है। उन पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। प्राथमिकी के बाद जब पटना पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर जीस ग्लोबल स्टडीज पहुंची, वहां बड़ी संख्या में छात्र पुलिस के सामने खड़ा हो गए। पुलिस ने उनको कई बार उनको वहां से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं हटे। पुलिस भी रात भर उनके कोचिंग के बाहर कैंप किये रही।
इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सूत्रों का कहना है कि खान सर किसी भी वक्त आज सरेंडर कर सकते हैं। पटना पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने और किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा के बीच कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच चर्चा है कि खान सर कानूनी सलाह लेने के बाद अदालत में सरेंडर कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दरअसल, पुलिस पूछताछ के दौरान खान सर उर्फ फैसल खान के एक गार्ड के कथित खुलासे के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। गार्ड ने पुलिस को बताया कि गोली चलने की घटना की जानकारी फैसल खान को पहले से थी और कथित तौर पर उनके कहने पर ही फायरिंग की गई थी। आरोप है कि घटना की पूरी जानकारी होने के बावजूद इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई। इसके अलावा, पुलिस का मानना है कि अपने लोगों द्वारा की गई गोलीबारी को अलग तरीके से पेश करने की कोशिश की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले को गंभीर मानते हुए पटना पुलिस ने कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।