खगड़िया : भीषण अगलगी में एक साथ 25 घर के साथ लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड के पौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकरैल पंचायत के महांत गांव की है।
जानकारी के अनुसार, आग पहले एक घर में लगी और धीरे-धीरे तेज हवाओं के कारण फ़ैलाने लगी। देखते ही देखते दो दर्जन से अधिक घर जल गये और घर में रखे सारा सामान भी नष्ट हो गये। वहीँ, सूचना के बाद पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीँ, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लगाया जा सका है।
घटना के बाद से पीड़ितों के बीच कोहराम मचा हुआ है। अग्नि पीड़ितों का एक-एक सामान जलकर खाक हो गया है। अब वो सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीँ, पुलिस का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है।