खगड़िया के बेलदौर में बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर अपराधी पुलिस से उलझ गया और दारोगा की पिस्टल छीनकर भागने लगा। इसी क्रम में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसका हाफ एनकाउंटर कर उसे दबोच लिया।
यह वाकया बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर कुर्वन रोड पर देर रात तब पेश आया जब पुलिस वहां वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध लोगों को पुलिस ने जांच के लिए रोका। लेकिन वे पुलिस के साथ बकझक करने लगे और हाथापाई पर उतर आए। इसके बाद तीन संदिग्धों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और दारोगा की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई जिसमें पुलिस की गोली से एक अपराधी घायल हो गया।
खगड़िया एसपी ने बताया कि बेलदौर पुलिस देर रात सकरोहर कुर्वन पथ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध लोग जांच और तलाशी का विरोध करते हुए जवानों से भिड़ गए और हाथापाई करने लगे। हंगामे और झड़प के बीच बाइक सवार अपराधियों ने मौके पर मौजूद दारोगा की सरकारी पिस्टल छीन ली। इसके बाद वे अंधेरे में भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला और अपराधियों का पीछा कर गोली चलाई जिसमें एक अपराधी वहीं गिर गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की गोली से घायल अपराधी का नाम अखिलेश सदा है। इसी ने दारोगा से पिस्टल छीनी थी तथा भागने के दौरान पुलिस की गोली का शिकार बना। मुठभेड़ के दौरान उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे। घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके पैर में गोली लगी है और उसके स्वास्थ्य पर नजदीकी नजर रखी जा रही है। इधर मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया है।