खगड़िया में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात में चाचा और भतीजे को चाकू गोदकर हत्या कर दिये जाने की खबर है। घटना भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा नयाटोला गांव की है जहां आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई चाकूबाजी में दो युवकों की हत्या कर दी गई। दोनों युवक आपसी रिश्ते में चाचा—भतीजा बताए जाते हैं। बताया जाता है कि बीती रात दोनों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बेहतर इलाज के लिए दोनों को बेगूसराय रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान खजरैठा निवासी के गौरव कुमार 23 वर्ष, और अंकुर कुमार 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ कर रही है

मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया तथा, हालात को देखते हुए पुलिस लगातार इलाके में निगरानी कर रही है। जानकारी के अनुसार खजरैठा नयाटोला में किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट के बाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। इसी दौरान गौरव कुमार और अंकुर कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। तुरंत
दोनों घायलों को परबत्ता पीएचसी ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेगूसराय रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भरतखंड थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमेश कुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी। चाकूबाजी में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ के आधार पर अनुसंधान आगे बढ़ा रही है। विवाद के मूल कारणों का पता लगाने के साथ-साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
