कटिहार में गैंगवार में बेटी के जन्मदिन का केक खरीदने आए पिता की अपराधियों ने बीच बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी । मृतक की पहचान सागर झा उर्फ मिट्ठू झा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मिट्टू झा पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। अपराधियों ने नए साल के पहले दिन इस घटना को अंजाम दिया, जब कटिहार पुलिस पूरे जिले में सख्त पहरा दे रही थी। इस घटना को आपसी गैंगवार में अंजाम दिये जाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने बताया कि कुख्यात मिट्ठू झा अपनी बेटी के लिए केक लेने कुरसेला बाजार आया था। तभी बाइक पर सवार 2 अपराधियों ने उसके सिर पर नजदीक से 3 गोलियां दाग दी और फरार हो गए। गोली लगते ही मिट्ठू झा की घटनास्थल पर मौत हो गई।
बेटी के लिए केक लेने आया था
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। बीच बाजार में हत्या और फायरिंग से वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक मृतक पर हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज थे। सागर झा उर्फ मिट्ठू झा शहर का कुख्यात अपराधी था । वह अपनी भांजी सानिया और भाई गौरव झा के साथ 1 साल की बेटी जाह्नवी के जन्मदिन पर केक लेने गुप्ता होटल आया था। नाश्ता करने के बाद केक का ऑर्डर देकर कार में बैठने लगा, तभी बाइक पर 2 अपराधी आए और उसके सिर में 3 गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने से मिट्ठू झा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। फायरिंग से अफरातफरी मच गई, दुकानें बंद हो गईं और सड़कें बाधित हो गईं।
चश्मदीदों के मुताबिक मिट्ठू झा जैसे ही कटिहार बाजार में अपनी कार से उतरा, तभी दो बाइक पर वहां कुछ अपराधी आ धमके। उन्होंने आते ही मिट्ठू झा पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि नजदीक से की गई फायरिंग में कुछ गोलियां मिठ्ठू झा के सिर में जा लगी जिससे वह वहीं सड़क पर गिरकर ढेर हो गया। गोलियों की आवाज से बाजार में भगदड़ मच गई। हत्या की इस पूरी घटना को बदमाशों ने महज 15—20 सेकेंड में अंजाम दिया और फिर हवाई फायरिंग करते हुए बाइक से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।