नवादा : जिले की रजौली अनुमंडल मुख्यालय में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं एएनएम कॉलेज का निरीक्षण किया। कार्रवाई पटना उच्च न्यायालय में दायर याचिका तथा अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग और जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दोनों संस्थानों में छात्राओं के लिए उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा, भवन एवं परिसर की सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक मानकों की स्थिति की जांच की। साथ ही छात्राओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने को लेकर संस्थान प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
संयुक्त टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष के अलावा अग्निशमन एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे दूर करने तथा छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में संचालित सरकारी, गैर-सरकारी व निजी गर्ल्स हॉस्टल और लॉज का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भईया जी की रिपोर्ट