बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का निधन हो गया है। मौत से ठीक पहले वे इंग्लैंड के गार्ड्स पोलो क्लब में पोलो खेल रहे थे। इसी दौरान संजय कपूर अचानक मैदान पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा पाए। आशंका है कि पोलो खेलने के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया जिससे मौत हुई। संजय कपूर एक जाने-माने उद्योगपति थे और उन्हें पोलो खेल का बहुत शौक था। इधर मुंबई में इस खबर के बाद करीना कपूर, सैफ अली खान और मलाइका अरोड़ा फौरन करिश्मा के घर पहुंच गए और उन्हें ढांढस बंधाया।
करिश्मा से हुई 2003 में शादी
जानकारी के अनुसार करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का 12 जून को लंदन स्थित गार्ड्स पोलो क्लब में पोलो खेल रहे थे। तभी गलती से मधुमक्खी निगलने के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा। संजय कपूर अपने पीछे 1.2 बिलियन डॉलर की संपत्ति छोड़ गए हैं। संजय कपूर करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे। करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी। इस शादी से उन्हें दो बच्चे हुए-बेटी समायरा और बेटा कियान। हालांकि शादी के कुछ सालों बाद दोनों के रिश्ते में दूरी आ गई और 2014 में करिश्मा ने तलाक की अर्जी दी। 2016 में उनका तलाक हो गया। तलाक के समय करिश्मा ने संजय पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसमें मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना भी शामिल था। यह मामला काफी समय तक मीडिया में छाया रहा था।
प्रिया सचदेव से की दूसरी शादी
करिश्मा से तलाक के बाद संजय कपूर ने प्रिया सचदेव से शादी की थी। संजय की मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग शोक व्यक्त कर रहे हैं। करिश्मा कपूर की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें करिश्मा और संजय अलग तो हो गए थे, लेकिन संजय अक्सर अपने बच्चों से मिलते रहते थे। रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड में पोलो खेलते समय संजय कपूर को दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। करिश्मा के घर पर करीना और सैफ के चेहरों पर उदासी साफ झलक रही थी। इस दौरान करीना गाड़ी में नीचे सिर किए हुए बैठी नजर आईं। वहीं करिश्मा कपूर ने अभी तक अपने पूर्व पति की मौत पर कोई बयान जारी नहीं किया है।