राजधानी पटना के सदाकत आश्रम से आज शुक्रवार को कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने जैसे ही पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा शुरू की, पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। सदाकत आश्रम से यात्रा में निकले कन्हैया कुमार को पुलिस ने राजापुर पुल के पास ही रोक दिया। कन्हैया कुमार आज सदाकत आश्रम से निकलने के बाद अपनी यात्रा के दौरान सीएम हाउस तक जाने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उनको रोक दिया। यात्रा में शामिल लोगों पर वाटर केनन भी चलाया गया। इस दौरान अन्य कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कन्हैया कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पदयात्रा शुरू करने से पहले मीडिया से बात करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि बिहार की जनता बेराजगारी और गरीबी से त्रस्त है। मजबूरी में उन्हें पलायन करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने 16 मार्च को पश्चिम चंपारण के भितिहरवा गांधी आश्रम से पदायात्रा की शुरुआत की थी। यह यात्रा बिहार के नौजवानों और बेरोजगारों के लिए निकाली गई थी। इसमें लाखों लोग जुड़ गए। यह यात्रा अब सत्याग्रह और संघर्ष का रूप ले रही है। लोगों में आक्रोश है। उनके अंदर मौजूदा सरकार के खिलाफ निराशा है।
कन्हैया कुमार पटना में प्रदर्शन के जरिए आज अपनी ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ का समापन करने जा रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि आज के प्रदर्शन में पांच हजार से ज्यादा नेता और कार्यकर्ताओं शामिल होंगे। सभी कांग्रेसी सीएम हाउस तक मार्च करेंगे। कन्हैया ने कहा कि हमलोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर उन्हें मांग पत्र सौंपने की कोशिश करेंगे। इधर, कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। पटना एसएसपी ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।